सिरसा, 12 मई। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत 15 मई को सिरसा से तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़, महाराष्ट्र के लिए सिरसा से विशेष ट्रेन रवाना होगी। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी इस ट्रेन को सिरसा से झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसकी तैयारियों को लेकर मंगलवार को अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल एवं पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने संयुक्त रूप से स्थानीय रेलवे स्टेशन तथा मुख्यमंत्री के निर्धारित रूट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, सफाई व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों का बारीकी से अवलोकन किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री के आगमन एवं कार्यक्रम को लेकर निर्धारित रूट पर यातायात व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम तथा प्रशासनिक तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि तीर्थ यात्रा पर जाने वाले वरिष्ठ नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना सरकार की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसके माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क धार्मिक यात्रा का लाभ प्रदान किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि रेलवे स्टेशन एवं मुख्यमंत्री के रूट पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा कार्यक्रम के दौरान आमजन को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए भी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर रेलवे विभाग, प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।