सुशासन व पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से हरियाणा में बदलाव लाए मनोहर लाल : डॉ अरविंद शर्मा

रोहतक, 5 मई। हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने आज रोहतक में आयोजित एक निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का उद्घाटन किया, जो हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित किया गया। इस मौके पर उन्होंने मनोहर लाल के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए उनके प्रशासनिक योगदान को सराहा।
सुभाष रोड पर मुल्तानी सेवा समिति शनिधाम मंदिर परिसर में आयोजित शिविर में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और पारदर्शी व्यवस्था को मजबूती मिली। उन्होंने कहा कि युवाओं को योग्यता के आधार पर बिना पर्ची-बिना खर्ची रोजगार उपलब्ध कराने की नीति ने सरकारी व्यवस्था में विश्वास को बढ़ाया है। साथ ही विकास कार्यों में क्षेत्रवाद, जातिवाद और भाई-भतीजावाद जैसी प्रवृत्तियों को समाप्त करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए।


कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों और विकास योजनाओं पर जनता ने भरोसा जताया है, जबकि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार को जनता ने नकार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में लंबे समय से अराजकता और भय का माहौल था, जिससे जनता परेशान थी।


डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सुरक्षा के लिए परिवर्तन का मार्ग चुना है और कुशासन से मुक्ति पाई है। उन्होंने इसे देश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ बताते हुए कहा कि यह परिणाम लोकतंत्र की ताकत और जनता के विश्वास का प्रतीक है। इसके अलावा उन्होंने असम और पुडुचेरी में भाजपा सरकार के दोबारा बनने पर खुशी जताई और वहां के कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की मजबूती और जनसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है।


डॉ अरविंद शर्मा ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक सफलता को सदी के महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रमों में से एक बताते हुए कहा कि यह परिणाम देश के विकास और सुशासन की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, राजकुमार उर्फ राजू सहगल, कार्यक्रम संयोजक जेपी गौड़ आदि उपस्थित रहे।

Leave a Comment